आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। एलएसजी के खिलाफ आरआर का पलड़ा भारी रहा है।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सीजन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। टीम ने अब तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एलएसजी को सिर्फ 2 मैच में जीत मिली है। वहीं, 4 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। टीम का बल्लेबाजी क्रम इस सीजन रनों के लिए संघर्ष करता नजर आया है। मिचेल मार्श अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में लगातार नाकाम रहे हैं। वहीं, मार्करम भी आईपीएल 2026 में अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। निकोलस पूरन और कप्तान ऋषभ पंत भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं।
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी पिछले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए थे, और उन्होंने 4 ओवर में 56 रन दिए थे। हालांकि, इस मुकाबले को छोड़कर शमी इस सीजन अच्छी लय में दिखे हैं। प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है, लेकिन आवेश खान और मोहसिन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं।