विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल में पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) प्रबंधन ने आईपीएल 2026 से पहले किशन को कप्तानी सौंपी थी। किशन ने अपनी कप्तानी से प्रभावित किया है और उन्हें अब कमिंस की वापसी के बाद भी टीम का कप्तान बनाए रखने की बात चलने लगी है।
ईशान किशन ने अब तक सनराइजर्स हैदराबाद की 7 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 4 मैच जीतकर टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। मंगलवार को हुए मैच में एसआरएच ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया। मैच के बाद पूर्व भारतीय ऑल-राउंडर संजय बांगड़ ने ईशान की कप्तानी की तारीफ की और कमिंस की वापसी के बाद भी एसआरएच का नेतृत्व उनके पास ही रहने देने की वकालत की।
स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर जियोस्टार एक्सपर्ट संजय बांगर ने कहा, "एक लीडर के तौर पर ईशान किशन अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में तकनीकी रूप से बहुत अच्छे हैं। वह समझते हैं कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। यह साफ दिखाता है कि वह गेम को कितनी अच्छी तरह नियंत्रित करते हैं।"