भारत-न्यूजीलैंड के बीच बुधवार, 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज (NZ vs IND ODI) खेली जाएगी। इस सीरीज के शुरू होने से पहले भारतीय टीम के खेमे से जुड़ी एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, भारतीय तेज गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) चोटिल हैं और वो न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं।
ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार BCCI से जुड़े एक सूत्र ने खुलासा किया कि प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर में होने वाली वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। वह अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह नहीं उबरे हैं। 1 और 2 नवंबर को बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनका मैच सिमुलेशन और फिटनेस टेस्ट होगा।
बताते चलें कि भारतीय टीम मैनेजमेंट और नेशनल सेलेक्शन कमिटी, इन दोनों का ही मानना है कि प्रसिद्ध कृष्णा को भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टेस्ट मैचों के लिए तैयार रहना चाहिए। वहां उनकी वनडे मैचों से ज्यादा जरूरत होगी। इन सब के बीच अगर स्पोर्ट्स साइंस टीम प्रसिद्ध को फिट भी घोषित करती है और वो ऑकलैंड चले भी जाते हैं, तो भी लंबी फ्लाइट के बाद उन्हें सीधा वनडे मैचों में नहीं उतारा जाएगा।