New Zealand: अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने अपना 14वां पांच विकेट लिया और वाशिंगटन सुंदर ने चार विकेट लिए, जिससे भारत ने शुक्रवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में 2024 सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड को 235 रनों पर समेट दिया। लेकिन इसके जवाब में भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपने चार विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं और वह पहली पारी में 149 रन से पीछे है।
भारत दिन की समाप्ति से कुछ पहले 1 विकेट पर 78 रन बनाकर सुखद स्थिति में नजर आ रहा था लेकिन फिर भारत ने 8 गेंदों में अंतराल में मात्र 6 रन जोड़कर तीन विकेट गंवा दिए और उसकी स्थिति मैच में खराब हो गई। स्टंप्स के समय शुभमन गिल 31 और ऋषभ पंत 1 रन बनाकर क्रीज पर थे। भारत ने अपना पहला विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में 25 के स्कोर पर गंवाया। जब भारतीय कप्तान 18 रन बनाकर मैट हैनरी की गेंद पर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद यशस्वी जायसवाल और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 53 रन की ठोस साझेदारी की।
पहले दिन का खेल समाप्ति की तरफ बढ़ रहा था कि तभी एजाज पटेल ने जायसवाल को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दे दिया। मोहम्मद सिराज नाइट वाचमैन के रूप में क्रीज पर उतरे। लेकिन पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। सिराज के आउट होने के बाद विराट कोहली को मैदान पर उतरना पड़ा। विराट ने आने के साथ ही चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर एक खतरनाक सिंगल के लिए भाग पड़े। लेकिन मैट हैनरी सीधा थ्रो स्टंप्स तक जा टकराया और विराट चार रन बनाकर रन आउट हो गए। उसके बाद ऋषभ पंत को मैदान पर आना पड़ा और तीन गेंद बाद ही पहले दिन का खेल समाप्त हो गया।