न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज जेफ अलॉट को अपना नया सीईओ बनाया है। उनका कार्यकाल 1 जुलाई से शुरू होगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी एक बयान में जेफ अलॉट ने कहा, "एक खिलाड़ी के तौर पर न्यूजीलैंड क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करने, महाप्रबंधक के तौर पर काम करने और आठ साल से ज्यादा समय तक बोर्ड निदेशक के तौर पर योगदान देने के बाद, इस संगठन और हमारे खेल से मेरा गहरा जुड़ाव है। मैं बोर्ड खिलाड़ियों, स्टाफ, सदस्य संघों और हमारे व्यावसायिक साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि मजबूत रिश्ते बनाए जा सकें। एक सकारात्मक और रचनात्मक संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके, और मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह बेहतरीन नतीजे दिए जा सकें।"
न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्रमुख डायना पुकेटापु-लिंडन ने इस नियुक्ति की तारीफ करते हुए अलॉट के कौशल और अनुभव के अनोखे मेल को विशेष रूप से रेखांकित किया।