पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी की। मेहमान टीम ने दिन की समाप्ति तक 46 ओवरों का सामना किया, जिसमें महज 1 विकेट गंवाकर 179 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान फिलहाल मेजबान बांग्लादेश से 234 रन पीछे है।
बांग्लादेशी टीम को पहली पारी में 413 रन पर समेटने के बाद पाकिस्तान को डेब्यूटेंट अजान अवैस और इमाम-उल-हक की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की। इमाम 72 गेंदों में 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से अवैस ने अब्दुल्लाह फजल के साथ दूसरे विकेट के लिए 144 गेंदों में 73 रन की अटूट साझेदारी कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक अवैस 133 गेंदों का सामना करते हुए 85 रन बना चुके हैं। उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल हैं, जबकि फजल ने 78 गेंदों में 6 चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाए हैं। विपक्षी खेमे से मेहदी हसन मिराज ने 1 विकेट अपने नाम किया है।