आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में मंगलवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ हो रही है। महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। शिमरोन हेटमायर की जगह पर दासुन शनाका को मौका मिला है। वहीं, रवि बिश्नोई के स्थान पर यश राज को टीम में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद रियान ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हैं। हेटमायर की जगह शनाका टीम में आए हैं। वहीं, बिश्नोई की जगह यश खेल रहे हैं।"
वहीं, पंजाब किंग्स भी इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ उतरी है। सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम भी गेंदबाजी करना पसंद करते। विकेट कुछ दिनों तक ढका रहा है। सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन टीम में आए हैं। मैं अजमत और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहता हूं।"