आईसीसी की ताजा महिला टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शेफाली वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 47 रनों की नाबाद पारी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर टॉप 10 में वापसी के करीब पहुंच गई हैं।
टी20 रैंकिंग में यह बदलाव भारत और साउथ अफ्रीका अफ्रीका के बीच चल रही पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बीच हुआ है, जिसमें दोनों टीमों की कई खिलाड़ियों को इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनके हालिया प्रदर्शन के लिए इनाम मिला है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 38 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेलने के बाद शेफाली वर्मा आईसीसी की बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गई हैं। 2 टी20 मुकाबलों में शेफाली ने अब तक 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 91 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना चौथे स्थान पर भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं।