टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप स्टेज अपने अंतिम पड़ाव पर है। ग्रुप स्टेज में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। जिम्बाब्वे ने अपने प्रदर्शन से हर किसी को खासा प्रभावित करते हुए सुपर 8 में अपनी जगह बनाई। वहीं, अपने पहले ही विश्व कप में इटली की टीम भी छाप छोड़ने में सफल रही। अफगानिस्तान और अमेरिका ने भी अपने दमदार खेल के बूते फैंस का दिल जीता।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में ही दो बड़े उलटफेर किए। सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने आईसीसी टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से शिकस्त दी। ये विश्व कप 2026 का पहला बड़ा उलटफेर था, जिसने कंगारूओं को बाहर का रास्ता दिखाने में अपनी भूमिका निभाई। वहीं, ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे ने सह-मेजबान श्रीलंका को भी 6 विकेट से हराया।
टूर्नामेंट में चार ग्रुप मैचों में जिम्बाब्वे का बैटिंग ऑर्डर काफी दमदार नजर आया है। ब्रायन बेनेट के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं। वह 3 मैचों में 175 रन बना चुके हैं। कप्तान सिकंदर रजा बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजारबानी का प्रदर्शन अब तक कमाल का रहा है। 3 मैचों में वह 9 विकेट निकाल चुके हैं और टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अभी तीसरे नंबर पर काबिज हैं।