अपने ऑफिशियल ट्रॉफी टूर के हिस्से के रूप में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी बुधवार को आईएएनएस मुख्यालय पहुंची, जहां ढोल के साथ इसका स्वागत हुआ। भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है।
इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के आने पर पारंपरिक ढोल की थाप और जोशीले डांस के साथ स्वागत किया गया। इस उत्सव भरे स्वागत ने आईएएनएस ऑफिस में जश्न का माहौल बना दिया। स्टाफ के साथ विजिटर्स को इस आइकॉनिक ट्रॉफी को करीब से देखने का मौका मिला। क्रिकेट फैंस ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
गोल्डन वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी के विपरीत, टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का डिजाइन अलग है। इस ट्रॉफी को लंदन के सिल्वरस्मिथ थॉमस लाइट ने तैयार किया है। सिल्वर-प्लेटेड बेस मेटल से बनी 51 सेंटीमीटर ऊंची ट्रॉफी का वजन करीब 3.9 किलोग्राम है। ट्रॉफी में पांच अलग-अलग कास्टिंग हैं, जो एक-दूसरे से जुड़ी हुई दिखती हैं।