Vaibhav Suryavanshi Half Century Video: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने बुधवार, 04 जनवरी को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 (ICC U19 World Cup 2026) के सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ 33 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच 14 साल के वैभव ने बेखौफ अंदाज़ में छक्का ठोकते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी जिसके बाद उन्होंने भारत के सामने 311 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। ऐसे में अब भारत के सलामी बल्लेबाज़ों को ये सुनिश्चित करना था कि वो एक तरफ तेजी से रन बनाए और दूसरी तरफ अपना विकेट भी ना खोए।
टीम इंडिया के लिए वैभव और एरोन जॉर्ज की ओपनिंग जोड़ी ने इन दोनों ही बातों का पूरी तरह ध्यान रखा और देखते ही देखते पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 90 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए। इस साझेदारी में 14 साल के वैभव ने विपक्षी गेंदबाज़ों को अटैक करने का फैसला किया और 33 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्के जड़कर 68 रन बनाए।