कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटर ड्वेन ब्रावो ने कहा कि वरुण चक्रवर्ती के फॉर्म में लौटने से गेंदबाजी अटैक को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि वरुण की विकेट लेने की काबिलियत पर कभी शक नहीं था और छह दिन के ब्रेक ने स्पिनर को वापसी करने में मदद की।
सीजन की शुरुआत में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था। शुरुआती तीन मुकाबलों में वह कोई विकेट नहीं ले सके थे और काफी महंगे भी साबित हुए थे। वरुण के खराब फॉर्म के समय पर केकेआर टीम भी टूर्नामेंट में बुरी तरह से संघर्ष कर रही थी। हालांकि, वरुण के फॉर्म में लौटने के साथ ही केकेआर की गाड़ी भी जीत की पटरी पर लौट आई है। केकेआर ने पिछले तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वरुण ने पिछले तीन मुकाबलों में 2 बार 3 विकेट निकाले हैं।
आईपीएल 2026 में वरुण अब तक 7 मुकाबलों में 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वरुण ने केकेआर की जीत में अपनी गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई है। खास बात यह रही कि जब भी वरुण ने दो या उससे ज्यादा विकेट लिए, तब टीम का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रावो ने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए मानसिक और शारीरिक आराम बहुत जरूरी होता है।