भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली ने मंगलवार को नई दिल्ली के डीपीएस आरके पुरम में अपने बचपन के कोच राजकुमार शर्मा के क्रिकेट अकादमी के नए ब्रांच का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहन जेटली भी इस उद्घाटन समारोह में मौजूद थे। विराट कोहली ने अपनी क्रिकेट यात्रा राजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में उनकी वेस्ट दिल्ली क्रिकेट अकादमी से ही शुरू की थी।
मौजूद छात्रों को संबोधित करते हुए विराट कोहली ने कहा, "मुझे यहां बुलाने के लिए धन्यवाद। मुझे स्कूलों में बोलने की आदत नहीं है, इसलिए यह मेरे लिए थोड़ा अजीब होगा, क्योंकि मैं क्रिकेट के लिए बहुत पहले ही स्कूल के माहौल से दूर हो गया था, और इसी बारे में मैं बात करने जा रहा हूं। मैं स्कूल के माहौल को समझता हूं। मैं भी उसी प्रक्रिया और दौर से गुजरा हूं, जिसका हिस्सा आप सभी बच्चे अभी हैं। और मैं अपने अनुभव से बस इतना साझा कर सकता हूं कि कैसे मेरे जीवन में बहुत कम उम्र में ही मेरा ध्यान और प्राथमिकताएं बदल गई थीं।"