इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जॉनी बेयरस्टो धर्मशाला में अपना 100वां टेस्ट खेलेंगे। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह 17वें इंग्लिश क्रिकेटर बनेंगे। धर्मशाला टेस्ट से पहले उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए भावुक करने योग्य पल है।
बेयरस्टो ने कहा, "यह दुनिया के खूबसूरत ग्राउंड में से एक है। केपटाउन मेरे पसंदीदा मैदानों में से एक है लेकिन धर्मशाला की बात ही कुछ और है।"
बेयरस्टो के परिजन भी धर्मशाला पहुंच गए हैं और वे मैच शुरु होने से पहले कैप प्रेज़ेंटेशन के दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे। बेयरस्टो के पिता इस दुनिया में नहीं हैं, उन्होंने 1997 में आत्महत्या कर ली थी और तब बेयरस्टो सिर्फ़ आठ वर्ष के थे। पिता के देहांत के बाद उनकी मां जेनट ने ही उनकी और उनकी बहन की देखभाल की। पिता का जब देहांत हुआ था तब उनकी मां ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं और 2012 में एक बार फिर इस बीमारी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चलते बेयरस्टो को भारत का दौरा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा था।