Sri Lanka Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक दशक से अधिक समय तक राष्ट्रीय टीम की अगुआई करने के दौरान मिले अनुभवों को याद करते हुए कहा कि कप्तानी की जिम्मेदारी ने उन्हें आलोचना और सफलता, दोनों का सामना करना सिखाया।
हरमनप्रीत ने साल 2012 में भारतीय टीम की कमान संभाली थी, उनकी कप्तानी में भारत ने वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता और हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल हासिल किया। हरमनप्रीत ने बताया कि लीडरशिप ने उन्हें टीम के सफर के हर दौर में जिम्मेदारी लेना सिखाया।
हरमनप्रीत ने 'आईएएनएस' को बताया, "आलोचना तब होती है जब लोगों को हमसे उम्मीदें होती हैं। कभी-कभी बुरा लगता है जब एक टीम के तौर पर आप अपनी ही उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते, और जाहिर है, तब भी बुरा लगता है जब आपको देखने और सपोर्ट करने वाले लोग भी आपसे अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रहे हों। कप्तानी ने मुझे सबसे आगे रहकर जिम्मेदारी लेना सिखाया - न सिर्फ आलोचना के लिए, बल्कि जीत के लिए भी। इसने मुझे सिखाया कि लीडरशिप का मतलब है हर दौर में अपनी टीम के साथ खड़े रहना, हर अनुभव से सीखना और आगे बढ़ते रहना।"