दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान अक्षर पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अपनी टीम के 75 रन पर ऑल आउट होने को 'बदकिस्मती' करार दिया। पटेल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 264 रन को डिफेंड न कर पाने को भी इस मैच में हार का एक मनोवैज्ञानिक कारण माना।
अक्षर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे लगता है कि पिछले मैच बड़े टोटल को डिफेंड न कर पाने की वजह से टीम में थोड़ी हिचकिचाहट थी जिसका असर हमारे प्रदर्शन पर पड़ा। कोई भी बल्लेबाज ठीक से जम नहीं पाया। ऐसा नहीं था कि कोई सेट हो गया हो। हमने एक या दो गेंदों में ही विकेट गंवा दिए। हमने 15-16 गेंदों में छह विकेट गंवा दिए। मुझे लगता है कि यह बदकिस्मती थी, आपको इस दिन को भूलकर आगे बढ़ना होगा।"
पटेल ने कहा, "अगर आप पहला ओवर देखें, तो उसमें स्विंग थी। बाद में, जब चमीरा की दूसरी गेंद पर चौका लगा, तो स्विंग खत्म हो गई और खेल का रुख बदल गया। जब आप पहली पारी में 60-70 रन बनाते हैं, तो गेंदबाज थोड़े कम मनोबल के साथ आते हैं और यह बात उनके दिमाग में कहीं न कहीं रहती है। भले ही आप खुद को मोटिवेट करें, लेकिन कहीं न कहीं आपको लगता है कि यह स्कोर बहुत कम है। पहले ओवर में काइल (जेमिसन) को स्विंग मिल रही थी, लेकिन उस एक बाउंड्री के बाद स्थिति बदल गई। मुझे नहीं लगता कि हमारे गेंदबाजों ने कुछ भी गलत किया। जिस तरह से हमने बैटिंग की, उसे मैं बदकिस्मती ही कहूंगा। हम गेंदबाजों पर दोष नहीं डाल सकते।"