पूर्व सांसद और इन्वेस्टमेंट बैंकर एरन विक्रमरत्ने को श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की अंतरिम समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और उनकी कार्यकारी समिति के इस्तीफे के बाद इस नई समिति का गठन खेल के शासी निकाय को चलाने के उद्देश्य से किया गया है।
खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे की तरफ से गठित इस अंतरिम समिति में, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान रोशन महानामा और कुमार संगकारा को शामिल किया गया है। उनके साथ पूर्व सलामी बल्लेबाज सिदाथ वेट्टिमुनी भी इसमें शामिल हैं। प्रशासक थुशिरा राडेला, अवंती कोलंबगे, प्रकाश शैफ्टर और उपुल कुमारप्पेरुमा भी इस समिति का हिस्सा हैं।
यह नियुक्तियां एसएलसी मुख्यालय मैटलैंड प्लेस में बड़ा बदलाव का संकेत हैं। यह कदम तब उठाया गया, जब सिल्वा और पूरी कार्यकारी समिति ने बुधवार को आधिकारिक रूप से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा प्रशासनिक कामकाज को लेकर बढ़ती आलोचना, वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों और हाल के समय में श्रीलंकाई टीम के खराब प्रदर्शन के बीच आया है।