साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने आईसीसी विमेंस टी20 प्लेयर्स रैंकिंग में अपने करियर की सबसे ऊंची रेटिंग हासिल कर ली है। वोल्वार्ड्ट हाल ही में भारत के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थीं।
लौरा वोल्वार्ड्ट ने मौजूदा आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप चैंपियन के खिलाफ पांच पारियों में 82.50 की औसत के साथ 330 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। सीरीज को साउथ अफ्रीका ने 4-1 से अपने नाम किया था।
लौरा वोल्वार्ड्ट टी20आई बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। अब वह 'नंबर 1' पर काबिज जॉर्जिया वोल से ठीक पीछे हैं। शानदार फॉर्म में चल रही इस साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने अपने हालिया दमदार प्रदर्शन की बदौलत अपने करियर की सबसे ऊंची रेटिंग हासिल की है।