इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाएं हाथ की 18 वर्षीय अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार इंग्लिश टीम में जगह दी गई है।
टिली कोलमैन सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन के साथ मिलकर इंग्लैंड के स्पिन अटैक को मजबूती प्रदान करेंगी। टिली कोलमैन का प्रदर्शन हाल ही में हुए 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में शानदार रहा था। उन्होंने 9 मुकाबलों में 5.75 के शानदार इकोनॉमी रेट से 11 विकेट चटकाए थे। सदर्न ब्रेव को फाइनल तक पहुंचाने में कोलमैन ने अहम भूमिका निभाई थी। घरेलू वनडे मुकाबलों में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है। वह 7 पारियों में 10 विकेट निकाल चुकी हैं।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की। इस मेगा इवेंट के लिए इंग्लैंड टीम की कप्तानी साइवर-ब्रंट के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, चार्ली डीन उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी टीम में जगह दी गई है, जो अपने करियर का पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी। उंगली की चोट से उबर रहीं सारा ग्लेन को टीम में शामिल नहीं किया गया है।