जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मैरी-ऐनी मुसोंडा ने सोमवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 34 वर्षीय मुसोंडा ने आखिरी बार दो साल पहले आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 क्वालीफायर में देश का प्रतिनिधित्व किया था।
संन्यास की घोषणा करते हुए मैरी-ऐनी मुसोंडा ने बताया कि उनके इस फैसले के पीछे सिर्फ मैदान पर उनका प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि और भी कई वजहें थीं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट की ओर से जारी एक बयान में मुसोंडा ने कहा, "बाहर से देखने पर ऐसा लग सकता है कि मुझमें अभी भी खेलने की काफी क्षमता बाकी है, और कई मायनों में ऐसा है भी, लेकिन यह फैसला सिर्फ प्रदर्शन या काबिलियत के आधार पर नहीं लिया गया। इसमें सही समय, नजरिए और शारीरिक स्थिति, तीनों का मेल था। 34 साल की उम्र में मुझे इस बात का ज्यादा एहसास हुआ कि यह सिर्फ इस बारे में नहीं था कि मैं खेलना जारी रख सकती हूं या नहीं, बल्कि यह इस बारे में भी था कि क्या मैं अपने शरीर से बार-बार उसी ऊंचे स्तर पर प्रदर्शन करने की उम्मीद कर सकती हूं।"