भारत के स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) से शुक्रवार को एक अजीबो-गरीब सवाल पूछा गया कि अगर दुबई की बड़ी-बड़ी इमारतों की तुलना भारतीय क्रिकेटरों से करते हैं, तो आप किसको क्या कहकर बुलाएंगे? इस पर वरुण ने गुगली और फ्लिपर्स के रूप में सवाल पूछने वाले शख्स को उसी अंदाज में मजेदार जवाब दिए। उनसे आईसीसी टी20 विश्व कप में खेल रहे भारतीय टीम के अपने साथियों की तुलना यूएई की प्रतिष्ठित इमारतों से करने के लिए कहा गया था, जिस पर वास्तुकला में स्नातक की डिग्री लेने के बाद नौकरी छोड़ क्रिकेट की दुनिया में आने वाले चक्रवर्ती ने 'बुर्ज खलीफा' इमारत की तुलना भारतीय कप्तान विराट कोहली से की।
चक्रवर्ती ने कहा, '' बुर्ज खलीफा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है। अगर इसे तुलना की जाए तो यह विराट कोहली होना चाहिए। वह सबसे बड़े और टीम के कप्तान हैं। इसके अलावा उन्होंने जितने रन बनाए हैं, उसके हिसाब से भी वह बुर्ज खलीफा ही होना चाहिए। ''
स्पिनर ने प्रतिष्ठित 'बुर्ज अल अरब' इमारत की तुलना 'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी के साथ की, इसका डिजाइन जहाज की तर्ज पर किया गया था। उन्होंने कहा, "यह समुद्र में वास्तव में एक शांत इमारत है, बिल्कुल धोनी की तरह।"