वेस्टइंडीज ने वांडरर्स में खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका को 6 रन से हराकर अपनी लाज बचा ली। हालांकि, इस हार के बावजूद सीरीज साउथ अफ्रीकी टीम ने 2-1 से जीत ली। बारिश के कारण इस मैच को 10-10 ओवर का कर दिया गया था। ये मुकाबला साउथ अफ्रीका के लिए पिंक जर्सी मैच भी था, जिसे हर साल ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए खेला जाता है।
इस मैच में टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और ओपनर जॉनसन चार्ल्स बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद शाई होप और शिमरोन हेटमायर ने मिलकर रनगति बढ़ाई। हेटमायर का अंदाज़ बेहद आक्रामक था, उन्होंने बिना हेलमेट और कैप के बल्लेबाजी करते हुए छक्कों की बारिश कर दी। उनके कुछ शॉट इतने दमदार थे कि स्टैंड में बैठे एक दर्शक को गेंद लगने के बाद मेडिकल जांच तक करवानी पड़ी।
वेस्टइंडीज ने शानदार फिनिशिंग करते हुए स्कोर को 10 ओवर में 114/3 तक पहुंचा दिया। लक्ष्य को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 125 कर दिया गया, जिसे अंत में साउथ अफ्रीका हासिल नहीं कर पाई। वेस्टइंडीज की ही तरह साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी खराब रही और कप्तान एडेन मारक्रम दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। क्विंटन डी कॉक ने 14 गेंदों में 28 रन बनाकर गाड़ी को पटरी पर लाने की कोशिश की मगर उनके आउट होते ही अफ्रीकी पारी ढह गई।