टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के स्टार ओपनर पथुम निसांका ने तूफानी शतक से टीम को आसान जीत दिलाकर ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस जीत के साथ श्रीलंका ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। वहीं ऑस्ट्रेलिया अब दूसरे टीमों के नतीजों पर निर्भर हो गई है। ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा पहली बार कंगारुओं के सामने साफ नजर आने लगा है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 30वें मुकाबले में सोमवार (16 फरवरी) को श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर पूरे ग्रुप-B का समीकरण ही बदल दिया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पथुम निसांका ने महज 52 गेंदों में अपना पहला टूर्नामेंट शतक जड़ते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की एक न चलने दी। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इस जीत के साथ श्रीलंका के छह अंक हो गए और टीम सुपर-8 में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के खाते में +0.414 के नेट रन रेट के साथ अब सिर्फ दो अंक हैं, जिससे उनकी राह बेहद मुश्किल हो चुकी है।