Junior World Cup Shooting: धनुष श्रीकांत ने यहां जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग के तीसरे दिन भारत को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में धनुष ने 24 शॉट के फाइनल में 249.4 का स्कोर किया और रजत पदक विजेता स्वीडन के पोंटस कॉलिन को नजदीकी मुकाबले में 1.3 अंक से पीछे छोड़ दिया। फ्रांस के रोमैन औफ्रेरे ने कांस्य पदक जीता।
भारत ने स्कीट मिक्स्ड टीम प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीता। हरमेहर लैली और संजना सूद ने कांस्य पदक के लिए शूटऑफ में एक बार फिर स्वीडिश विरोधियों, डेविड जोंसन और फेलिशिया रोस की जोड़ी को हराया।
भारत अब तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे है। अमेरिका ने अब तक दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। आज देर रात महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल भी होना है।