पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद मौजूदा अध्यक्ष अरकादी द्वोरकोविच के तीसरे कार्यकाल के लिए दोबारा चुने जाने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के उपाध्यक्ष पद पर नहीं रहेंगे। उनकी जगह कजाकिस्तान शतरंज महासंघ के अध्यक्ष तिमूर तुरलोव को उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया है।
हालांकि, आनंद ड्वोरकोविच की टीम में अहम भूमिका निभाते रहेंगे और इस साल के आखिर में होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले उनके कैंपेन का समर्थन करेंगे।
ड्वोरकोविच साल 2018 से फिडे के प्रमुख हैं, उन्होंने सोमवार को घोषणा की है कि वह सितंबर में उज्बेकिस्तान में 46वें चेस ओलंपियाड के दौरान फेडरेशन की जनरल असेंबली में अध्यक्ष के तौर पर लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए दावेदारी करेंगे। वादिम रोसेनस्टीन और जान बुटनर के अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा करने के बाद, वह इस दौड़ में शामिल होने वाले तीसरे उम्मीदवार बन गए हैं।