अपर्णा पोपट का नाम भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों में प्रमुखता से लिया जाता है। अपर्णा ने उस दौर में इस खेल में अपना करियर बनाने का निश्चय किया था, जब देश में यह खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पॉन्सरशिप की कमी से जूझ रहा था।
अपर्णा पोपट का जन्म 18 जनवरी, 1978 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने मुंबई के बीएआई ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण लिया। बैडमिंटन के प्रति अपर्णा के जुनून ने जल्द ही उनका नाम देश की शीर्ष महिला खिलाड़ियों में शुमार करा दिया। 1990 के दशक के आखिर और 2000 के दशक की शुरुआत में अपर्णा ने इंडियन बैडमिंटन पर अपना दबदबा बनाना शुरू कर दिया था।
अपर्णा पोपट 16 बार राष्ट्रीय चैंपियन रही हैं और दो बार ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया। वह लगभग एक दशक तक भारत की एकल खिलाड़ी रहीं। अपर्णा ने 1998 में कुआलालांपुर में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में एकल में सिल्वर मेडल जीता था और वहीं टीम गेम में कांस्य पदक जीता था। 2002 में मैनचेस्टर में कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला एकल में कांस्य और 2006 में मेलबर्न में मिक्स टीम में कांस्य पदक जीता था।