बिहार ओलंपिक संघ (बीओए) ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पी.टी. उषा को कानूनी नोटिस भेजा है और इसे "प्रशासनिक अतिरेक" करार दिया है। यह नोटिस बिहार सहित कुछ राज्यों के शासन ढांचे की जांच के लिए एकल सदस्यीय जांच आयोग की नियुक्ति को लेकर है।
आईओए अध्यक्ष ने कथित शिकायतों के आधार पर 2 दिसंबर को तेलंगाना, बिहार और राजस्थान के लिए अलग-अलग जांच आयोग बनाए थे। बिहार के लिए मुक्केबाजी महासंघ के सचिव हेमंत कुमार कलिता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया, जिन्हें 10 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट आईओए अध्यक्ष को सौंपनी थी।
आयोग को शासन प्रक्रियाओं और चुनाव प्रक्रियाओं की समीक्षा करने का काम सौंपा गया था। बीओए ने इसे अपनी स्वायत्तता और निष्पक्षता के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि आईओए ने बिना पारदर्शिता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किए यह कदम उठाया। बीओए को न शिकायतों की जानकारी दी गई, न ही अपना पक्ष रखने का मौका। बीओए का दावा है कि इस कदम से खेल प्रशासन की संघीय संरचना कमजोर होती है।