पूर्व भारतीय ओलंपियन गुरबख्श सिंह ग्रेवाल के निधन पर हॉकी इंडिया ने शनिवार को शोक व्यक्त किया। गुरबख्श सिंह का 84 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। हॉकी इंडिया ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को संवारने के प्रति उनके समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
मैक्सिको सिटी ओलंपिक 1968 में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाली टीम के सदस्य रहे गुरबख्श सिंह ग्रेवाल एक खिलाड़ी, मार्गदर्शक और प्रशासक के तौर पर अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं।
अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, "भारतीय हॉकी जगत गुरबख्श सिंह ग्रेवाल जी के निधन से गहरे सदमे में है। वह भारत की ओलंपिक पदक विजेता टीम के एक सम्मानित सदस्य और खेल के सच्चे सेवक थे, जिनका योगदान मैदान तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उससे कहीं आगे तक फैला हुआ था। हॉकी के प्रति उनके जुनून और आने वाली पीढ़ियों को संवारने के प्रति उनके समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। हॉकी इंडिया की ओर से, मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"