इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में बुधवार को नामधारी स्पोर्ट्स क्लब ने इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। नामधारी ने बुधवार को श्रीनगर के टीआरसी स्टेडियम में खेले गए मैच में रियल कश्मीर एफसी को 1-0 से हराया। इस मुकाबले का इकलौता गोल साइलेंथंग लोटजेम ने दागा।
इस जीत के साथ नामधारी स्पोर्ट्स क्लब पांच मैचों में छह अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया, जबकि रियल कश्मीर एफसी उतने ही मुकाबलों में दो अंकों के साथ नौवें स्थान पर बना हुआ है। नामधारी के गोलकीपर नीरज कुमार को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
मैच की शुरुआत में दोनों ही टीमें मिडफील्ड पर अपना दबदबा बनाने में नाकाम रहीं, जिसके चलते पहले आधे घंटे में गेंद का कब्जा लगातार बदलता रहा। दोनों ही टीमों के लिए 'सेट-पीस' ही गोल करने का सबसे अच्छा जरिया साबित हुए। रियल कश्मीर ने लंबे 'थ्रो-इन' पर भरोसा जताया, तो वहीं नामधारी ने 'फ्री-किक' और 'कॉर्नर-किक' का फायदा उठाने की कोशिश की।