लंबे अरसे बाद टोक्यो 2020 में पदक का सूखा समाप्त करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम की नजरें अब पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल पर है। भारत जिस ग्रुप में है, उसमें कई बड़ी टीमें शामिल हैं। इसलिए यह सपना भारत के लिए पूरा करना काफी चुनौतीपूर्ण होगा।
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटी हुई है। इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा जोश का मिश्रण है। कुछ ऐसे नाम भी हैं जिनका यह पहला ओलंपिक होगा, तो कुछ ऐसे भी हैं जिनके पास खेल के इस महाकुंभ का अच्छा एक्सपीरियंस है।
भारत ने 1980 में मॉस्को ओलंपिक के बाद से इन खेलों में अब तक स्वर्ण नहीं जीता है। पेरिस ओलंपिक का काउंडटाउन शुरू हो चुका है और भारतीय टीम को पूरा भरोसा है कि वो शानदार प्रदर्शन करेंगे। भारत अब तक हॉकी में कुल 12 पदक जीत चुका है जिसमें आठ स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।