Thrilling Motorcycle Race in UP: रेस चाहे इंसानों की हो या वाहनों की, हमेशा रोमांचकारी होती है, और बात जब रंग-बिरंगे कपड़ों में प्रति घंटा 300 किमी या इससे ज्यादा की रफ्तार से मोटरसाइकिल की रेस हो तो बात ही कुछ और है। देश में अपनी तरह की पहली मोटरसाइकिल रेस उत्तर प्रदेश में होने जा रही है।
सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया के करोड़ों लोग मीडिया एवं सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इसे देख पाएंगे। 22 एवं 23 सितंबर को इस मोटर साइकिल रेस को मोटो जीपी की तरफ से ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट में आयोजित किया जाएगा।
जानकारों की मानें तो दुनिया के तीसरे सबसे मशहूर गेम विश्वस्तरीय मोटरसाइकिल रेसिंग मोटो जीपी के भव्य आयोजन से देश-दुनिया में ब्रांड यूपी को और मजबूती मिलेगी। आयोजन के दौरान दुनिया भर से आये मेहमानों को ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) के गिफ्ट हैंपर दिए जाएंगे। इससे मुख्यमंत्री की पसंदीदा इस योजना की ब्रांडिंग होगी।