आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ आदिल रशीद ने 2 विकेट हासिल किए और टी20 क्रिकेट में 400 विकेट पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले स्पिनर बन गए। इतना ही नहीं, इस मैच में रशीद ने एक फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-C मुकाबले में बुधवार, 11 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
37 वर्षीय रशीद ने अपने करियर का 400वां टी20 विकेट चटकाते ही इंग्लैंड के लिए ये खास उपलब्धि हासल करने वाले पहले स्पिन गेंदबाज बनने का गौरव हासिल कर लिया। उन्होंने यह उपलब्धि अपने 358वें टी20 मुकाबले में हासिल की। टी20 क्रिकेट में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल क्रिस जॉर्डन के नाम है, जिनके खाते में 431 मैचों में 446 विकेट दर्ज हैं। वहीं रशीद अब 401 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
टी20 क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- क्रिस जॉर्डन – 431 मैचों में 446 विकेट
- आदिल रशीद – 358 मैचों में 401 विकेट*
- डेविड विली – 371 मैचों में 371 विकेट
- समीत पटेल – 429 मैचों में 364 विकेट
- टायमल मिल्स – 264 मैचों में 325 विकेट
इस मैच में रशीद ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो विकेट चटकाए और टी20 क्रिकेट में इस टीम के खिलाफ अपने विकेटों की संख्या 26 मैचों में 42 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही वह किसी एक फुल मेंबर देश के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के हारिस रऊफ को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 मैचों में 40 विकेट हैं।
इतना ही नहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ मिले इन विकेटों के साथ आदिल रशीद के टी20 वर्ल्ड कप में विकेटों की संख्या 32 मैचों में 33 हो गई है, जिससे वह टूर्नामेंट इतिहास में इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने क्रिस जॉर्डन को पीछे छोड़ा है जिनके नाम इस टूर्नामेंट में 23 मैचों में 31 विकेट हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच में रशीद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवर के स्पले में सिर्फ 16 रन खर्च किए और दो अहम विकेट चटकाए। इससे पहले नेपाल के खिलाफ पहले मुकाबले में वह प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने दमदार वापसी कर इंग्लैंड को बड़ी मजबूती दी।