लंदन, 30 जून (CRICKETNMORE)| तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की हैट्रिक के बावजूद न्यूजीलैंड को यहां लॉर्डस स्टेडियम में हुए वर्ल्ड कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 86 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ मौजूदा चैम्पियन ने तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 243 रन बनाए जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मिशेल स्टार्क ने पांच विकेट चटकाए जबकि 71 रनों की पारी खेलने वाले एलेक्स कैरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Advertisement

इस हार के बाद न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है और उसके लिए अब इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मुकाबला काफी अहम हो गया है। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और 15 के कुल योग पर कप्तान एरॉन फिंच (8) आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर (16) और स्टीव स्मिथ (5) के रूप में दो अनुभवी बल्लेबाजों का विकेट भी खोया और स्कोर तीन विकेट पर 46 रन हो गया।

यहां से उस्मान ख्वाजा और मार्कस स्टोइनिस ने 35 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जेम्स नीशम ने स्टोइनिस (21) और ग्लेन मैक्सवेल (1) को आउट करके ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। 

ख्वाजा ने एलेक्स कैरी के साथ 106 रनों की बेहतरीन साझेदारी की और स्कोर 200 के करीब लेकर गए। इस बीच दोनों बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक लगाया। कैरी 71 रन बनाकर आउट हुए। ख्वाजा 88 रनों की पारी खेलकर बोल्ट की गेंद पर आउट हुए। बोल्ट ने इसके बाद लगातार गेंदों पर स्टार्क और जेसन बेहरनडॉर्फ का विकेट लेकर इस टूर्नामेंट की दूसरी हैट्रिक ली। 

Advertisement

बोल्ट वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम अंतिम 10 ओवर में 55 रन ही बना पाई। पैट कमिंस 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड के लिए बोल्ट ने चार जबकि लॉकी फग्र्यूसन और जेम्स नीशम ने दो-दो विकेट लिए। कप्तान केन विलियम्सन को एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत भी बेहद खराब रही और उन्होंने 42 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। रॉस टेलर और केन विलियम्सन ने तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। 97 के स्कोर पर विलियम्सन (40) आउट हुए और न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई। न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। टेलर (30) और लाथम (14) अच्छी शुरुआत को भुना नहीं पाए और न्यूजीलैंड की पूरी टीम महज 43.4 ओवर में 157 रनों पर सिमट गई। सैंटनर अंतिम बल्लेबाज के रूप में 16 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क ने पांच और बेहरनडॉर्फ ने दो विकेट लिए। नाथन लायन, पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ ने एक-एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार