वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 97 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद संजू सैमसन ने करोड़ों देशवासियों को अपना मुरीद बना लिया है। यहां तक कि कप्तान सूर्यकुमार यादव भी संजू की तारीफ करते हुए नहीं थके। मैच के बाद सूर्या ने संजू सैमसन की इतनी तारीफ़ की कि विकेटकीपर को मज़ाकिया अंदाज़ में अपने कैप्टन से ये कहना पड़ा कि रुक जाओ वरना वो रोने लगेंगे।
इस विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सफल रन-चेज़ में सबसे ज़्यादा स्कोर का विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सैमसन ने आखिरी ओवर तक नॉटआउट रहते हुए 50 गेंदों पर 97 रन बनाए। उन्होंने विनिंग रन भी मारे और जब वो डगआउट में वापस जा रहे थे तो सूर्यकुमार यादव ने अपनी कैप उतारी और उन्हें झुककर सलाम भी किया।
हालांकि, मैच के बाद सूर्या ने संजू की खुलकर तारीफ की और BCCI ने इस बातचीत का वीडियो भी शेयर किया। अपनी तारीफ सुनने के बाद सैमसन ने सूर्यकुमार से कहा, "बस कर रुलाएगा क्या पगले?"
वहीं, सूर्यकुमार ने संजू की तारीफ में कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ अच्छी चीजें होती हैं और सही समय पर होती हैं। उनके जैसे किसी खिलाड़ी के लिए इससे बेहतर समय, इससे बेहतर स्टेज नहीं हो सकता कि वो आगे आएं और टीम को वो दें जिसकी टीम को ज़रूरत थी। जैसे ही वो टीम में आए उन्होंने सबसे पहले ये कहा कि चलो कुछ ऐसा करते हैं जो टीम चाहती है, न कि वो जो मैं चाहता हूं।"
आगे बोलते हुए सूर्या ने कहा, "ज़िंदगी में, हमने बहुत सी चीजें देखी हैं, बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं आपको उस पूरे साल में जो हुआ, अपनी पोजीशन खोना, अपनी पोजीशन से बाहर बैटिंग करना और फिर उसी पोजीशन पर वापस बैटिंग करना, उस पर वापस नहीं ले जाना चाहता। वर्ल्ड कप जीतना आसान नहीं है। वर्ल्ड कप में आप जो भी मैच खेलते हैं, वो हिम्मत वाले लोग जीतते हैं और ये एक हिम्मत वाली पारी थी। वो पहले से ही अच्छी शुरुआत से बहक सकता है, लेकिन फिर जिस तरह से वो बैटिंग कर रहा था, उसने एक टीम को संभाला और फिर टीम को जीत दिलाई। वो सारा क्रेडिट डिज़र्व करता है। मैं उसके लिए, उसकी पत्नी, घर पर उसके परिवार और उन सभी लोगों के लिए बहुत खुश हूं जो उसे प्यार करते हैं, उसका सपोर्ट करते हैं। हम बस एक और कदम और करीब आ गए हैं। उम्मीद है, ये जारी रहेगा। मेरे पास कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन फिर, मैं बहुत खुश हूं। वो सब कुछ डिज़र्व करता है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत 5 मार्च को मुंबई में सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगा।