PBKS के इस बल्लेबाज ने IPL से पहले मचाई धूम, 162 रन की पारी में लगाए 14 छक्के और 13 चौके, ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय
विजय हजारे ट्रॉफी में केरल के विस्फोटक बल्लेबाज़ विष्णु विनोद ने ऐसी पारी खेली, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। पुडुचेरी के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए विनोद ने महज़ 84 गेंदों में नाबाद 162 रन ठोक दिए। इस तूफानी पारी से उन्होंने टीम को आसान जीत दिलाई और आईपीएल 2026 से पहले पंजाब किंग्स को अपनी फॉर्म का मजबूत संदेश भी दे दिया।
केरल के 32 साल के अनुभवी बल्लेबाज़ विष्णु विनोद ने मंगलवार (6 जनवरी) को विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के मौजूदा सीजन की सबसे विस्फोटक पारियों में से एक खेलते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने पुडुचेरी के गेंदबाज़ों की एक न चलने दी और केरल को आसान जीत दिला दी।
248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विष्णु विनोद पूरी तरह आक्रामक मूड में नजर आए। उन्होंने महज़ 84 गेंदों में नाबाद 162 रन बनाए और केरल ने यह लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। विष्णु विनोद ने अपनी इस पारी में 13 चौके और 14 छक्के जड़े। उनका शतक सिर्फ 63 गेंदों में पूरा हो गया, जिसने पुडुचेरी के गेंदबाज़ों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। शतक के बाद भी उनका आक्रमण थमा नहीं और अगले 50 रन उन्होंने महज़ 18 गेंदों में जोड़ दिए। विनोद ने 81 गेंदों में 150 रन पूरे किए, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज़ का तीसरा सबसे तेज 150 है। इस सूची में उनसे आगे वैभव सूर्यवंशी (59 गेंद) और दिनेश कार्तिक (80 गेंद) हैं।
इस धमाकेदार पारी के दौरान विष्णु विनोद ने एक और बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। उन्होंने अपनी पारी में 14 छक्के लगाए और विजय हजारे ट्रॉफी में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह घरेलू 50 ओवर क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए। इस खास क्लब में उनके अलावा मनीष पांडे और ऋतुराज गायकवाड़ शामिल हैं। अब विष्णु विनोद ने टूर्नामेंट में कुल छक्कों के मामले में ऋतुराज गायकवाड़ को भी पीछे छोड़ दिया है।
विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़:
- मनीष पांडे – 99 पारियों में 108 छक्के
- विष्णु विनोद – 53 पारियों में 106 छक्के
- ऋतुराज गायकवाड़ – 55 पारियों में 105 छक्के
- यूसुफ पठान – 56 पारियों में 91 छक्के
- ईशान किशन – 50 पारियों में 85 छक्के
मैच की बात करें तो लक्ष्य का पीछा करते हुए केरल की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने पहले पांच ओवरों में ही संजू सैमसन (11) और कप्तान रोहन कुन्नुम्मल (8) के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विष्णु विनोद और बाबा अपराजित (63) ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए नाबाद 222 रनों की साझेदारी कर दी। इस दमदार पार्टनरशिप के दम पर केरल ने 29 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया, जबकि 186 गेंदें अभी बाकी थीं।
विष्णु विनोद को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 95 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, पिछले सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बावजूद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 से पहले उन्हें रिटेन किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल करियर की बात करें तो विष्णु विनोद ने साल 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए डेब्यू किया था, लेकिन तीन मैचों में वह खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। इसके छह साल बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए तीन मुकाबलों में सिर्फ 37 रन बनाए। अब विजय हजारे ट्रॉफी में इस तूफानी पारी के बाद उन्होंने एक बार फिर खुद को साबित करने का मजबूत दावा पेश कर दिया है।