Australia Women vs India Women Test: इन दिनों खेली जा रही इंडिया वूमेन और ऑस्ट्रेलिया वूमेन ब्लॉकबस्टर NRMA इंश्योरेंस मल्टी-फॉर्मेट सीरीज़ अपने क्लाइमेक्स पर है। 6 मार्च से पर्थ में डे-नाइट टेस्ट के साथ ये खत्म हो रही है। ऑस्ट्रेलिया इस टेस्ट के दौरान मल्टी-फॉर्मेट सीरीज ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश करेगा। मेजबान टीम पॉइंट्स में 8-4 से आगे है (टी20I में 2-4 + वनडे में 6-0) और टेस्ट जीतने पर चार पॉइंट्स मिलेंगे। हरमनप्रीत की ब्लू टीम बस सीरीज ड्रॉ कर सकती है, लेकिन ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया के पास ही रहेगी क्योंकि वे 2021 की पिछली पॉइंट्स वाली सीरीज़ जीते थे। 

Advertisement

यह टेस्ट, ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिसा हीली का आखिरी इंटरनेशनल (299 वां) होगा। उनके सम्मान में, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मैच के दौरान स्टेडियम की मशहूर हिल को 'हीली हिल' का नाम दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और वेस्टपैक, फैंस को ख़ास तौर पर दूसरे दिन हिल को खचाखच भरने के लिए कह रहे हैं। 

Advertisement

ये इन दोनों टीमों के बीच तीसरी मल्टी-फॉर्मेट सीरीज़ है। 2021 में ऑस्ट्रेलिया में, मेजबान टीम 11-5 से जीती थी (वनडे 2-1, टी20 इंटरनेशनल 2-0, टेस्ट ड्रॉ)। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 2023-24 में भारत टूर में भी ऐसी सीरीज खेली पर फर्क ये था कि तब हर फॉर्मेट को एक अलग सीरीज के तौर पर गिना और कोई ओवरऑल ट्रॉफी नहीं दी गई। वैसे देते तो ऑस्ट्रेलिया इसे 10-6 से जीत लेता (भारत ने टेस्ट जीता, ऑस्ट्रेलिया ने वनडे 3-0 और टी20 इंटरनेशनल 2-1 से जीते)।

फॉर्म गाइड ऑस्ट्रेलिया: अपने पिछले दो टेस्ट, जनवरी 2025 में मेलबर्न में इंग्लैंड के विरुद्ध और फरवरी 2024 में पर्थ में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध तीन दिन के अंदर जीते हैं। उससे पहले, दिसंबर 2023 में वानखेड़े में भारत से हार गए थे।

फॉर्म गाइड भारत: पिछले पांच टेस्ट में बिना हार खेले हैं। दिसंबर 2023 और जुलाई 2024 के बीच लगातार तीन टेस्ट जीते, जिसमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को भारत में खेले टेस्ट में हराया। पिछले दो विदेशी टेस्ट 2021 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध ड्रॉ रहे।

भारत ने दिसंबर 2023 में वानखेड़े स्टेडियम में इतिहास रचा था, जब ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट 8 विकेट से जीते थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 219 रन बनाए। जवाब में भारत ने पहली पारी में 187 रन की बढ़त ले ली। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के खेल में बड़ी प्रभावशाली वापसी की और एक समय स्कोरबोर्ड पर 3-206 स्कोर था। तभी कप्तान हरमनप्रीत ने स्टंप्स से पहले दो बड़े विकेट लिए। निराश ऑस्ट्रेलिया चौथे दिन और ख़राब खेले और 5-28 से हालत ये हुई कि भारत को ऑस्ट्रेलिया पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज करने के लिए सिर्फ 75 रन चाहिए थे। 

Advertisement

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की राजधानी में नए निखार के साथ WACA स्टेडियम, टेस्ट के लिए तैयार है। चारों दिन धूप खिली रहेगी और मौसम गर्म रहेगा (पहले दिन तो 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है)।

कुछ ख़ास स्टैट्स:
* दिसंबर 2023 में मुंबई में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट जीत से पहले के, उनके विरुद्ध 10 टेस्ट में भारत को कोई जीत नहीं मिली थी (6 ड्रॉ, 4 हार)।
* अपने पिछले 9 टेस्ट में से, ऑस्ट्रेलिया सिर्फ़ एक हारा है (4 जीत + 4 ड्रॉ)। अगर ये टेस्ट जीत जाते हैं, तो टेस्ट में अपने सबसे लंबे टेस्ट जीत के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
* भारत अपने पिछले 17 टेस्ट में से सिर्फ़ एक हारा है (7 जीत + 9 ड्रॉ)। ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फरवरी 2006 में एडिलेड ओवल में पारी और 4 रन से हार के बाद से 9 टेस्ट बिना हार खेले हैं (6 जीत + 3 ड्रॉ)। एक और खास बात- अपने पिछले तीनों टेस्ट जीते हैं और अगर एक और जीत मिली तो पहली बार लगातार 4 जीत दर्ज करेंगे।
* भारत का टेस्ट में शानदार प्रदर्शन इस रिकॉर्ड में भी दिखता है कि दूसरी टीम की पिछली 6 में से हर पारी में सभी 10 विकेट लिए हैं। अगर लगातार सातवीं बार ये रिकॉर्ड बनाया तो टेस्ट में ऐसा सबसे लंबा प्रदर्शन होगा।
* स्मृति मंधाना (629) को शांता रंगास्वामी (750) को पार कर, टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन की लिस्ट में नंबर 2 बनने के लिए 122 रन चाहिए (टॉप पर: संध्या अग्रवाल 1110)।

टेस्ट शाम स्थानीय समय 4.20 बजे (भारत में सुबह 11.50 बजे) शुरू होगा। यह डे-नाइट टेस्ट है। भारत ने इससे पहले 2021 में गोल्ड कोस्ट में डे-नाइट टेस्ट खेला था।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

चरनपाल सिंह सोबती

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार