भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा अपने खिलाड़ियों के चहीते हैं और कई खिलाड़ी उनकी कप्तानी की तारीफ भी कर चुके हैं। जब से रोहित ने टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जितवाया है तब से वो फैंस के चहीते बन गए हैं और कुछ का मानना तो ये भी है कि रोहित पूर्व कप्तान एमएस धोनी से भी बढिया कप्तान हैं। पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का भी कुछ ऐसा ही मानना है।
भज्जी ने एमएस धोनी और रोहित शर्मा में से बेहतर कप्तान का नाम लिया है। धोनी और रोहित दोनों ही भारत और इंडियन प्रीमियर लीग में सफल रहे हैं। धोनी ने बतौर कप्तान तीन ICC ट्रॉफी जीती हैं। वहीं, रोहित ने हाल ही में ICC T20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया को जीत दिलाई। स्पोर्ट्स यारी से बात करते हुए हरभजन ने बताया कि रोहित धोनी से बेहतर क्यों हैं।
हरभजन सिंह ने कहा, "रोहित धोनी से इसलिए आगे हैं क्योंकि वो लोगों के कप्तान हैं। वो खिलाड़ियों की योजनाओं के बारे में जानने के लिए उनके पास जाते हैं। उनके साथी खिलाड़ी उनसे जुड़ पाते हैं। लेकिन धोनी अलग हैं। वो किसी से बात नहीं करते थे। धोनी अपनी खामोशी के जरिए खिलाड़ियों तक अपने विचार पहुंचाते थे। ये टीम के साथियों से संवाद करने का उनका तरीका था।"