दुबई, 26 सितम्बर (CRICKETNMORE)| लगभग दो साल बाद टीम की कमान सम्भाल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। वह 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। धोनी ने यह मुकाम एशिया कप-2018 में सुपर-4 के मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ हासिल किया।
दरअसल, इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा और उप-कप्तान शिखर धवन दोनों को ही इस मैच में टीम प्रबंधन ने आराम देने के फैसला किया। ऐसे में कप्तानी की जिम्मेदारी 696 दिनों बाद एक बार फिर धोनी के कंधों पर आ गई और धोनी के नाम जो रिकार्ड आने से रह गया वो आखिरकार उनकी रिकार्डबुक में आ गया।
धोनी वनडे प्रारुप में यह रिकार्ड बनाने वाले भारत के पहले और विश्व के तीसरे कप्तान बन गए। धोनी से पहले इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (230) और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (218) के नाम आते हैं।