मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे को उप-कप्तान नियुक्त किया है। इसके साथ ही 42 बार की चैंपियन टीम ने सीजन के पहले मैच के लिए चुनी गई अपनी 16 सदस्यीय टीम में सूर्यकुमार यादव को स्थान नहीं दिया है। मुंबई 11 अक्टूबर से चंडीगढ़ के खिलाफ अपने नए सीजन की शुरुआत करेगी। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।
मुंबई इस साल की प्रतियोगिता में राजस्थान, तमिलनाडु, रेलवे, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के साथ एलीट 'ग्रुप डी' में है। भारत को टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया था, लेकिन इसके बावजूद उनका चयन नहीं हुआ। ऐसा इसलिए था, क्योंकि राजेश पवार की अगुवाई वाली चयन समिति ने रेड-बॉल फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
पवार ने अन्य चयनकर्ताओं के साथ एक घंटे तक बैठक की, जिसमें कप्तान सिद्धेश लाड, मुख्य कोच ओंकार साल्वी और क्रिकेट सलाहकार व पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हुए।