न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में 'हैट्रिक' अपने नाम की, जिसके साथ अमेलिया हैट्रिक लेने वाली तीसरी कीवी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वैश्विक स्तर पर अब तक सिर्फ 14 महिला खिलाड़ियों ने वनडे फॉर्मेट में यह कारनामा किया है।
न्यूजीलैंड ने डुनेडिन में खेले गए इस मैच में 6 विकेट खोकर 303 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 27.1 ओवरों में महज 103 रन पर सिमट गई। इस पारी में अमेलिया केर ने 3.1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 22 रन देकर 5 विकेट निकाले। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
अमेलिया केर ने 24वें ओवर की दूसरी गेंद पर एडेल जिमुनु को बोल्ड किया। इसके बाद अगली गेंद पर ऑड्रे मजविशाया को पगबाधा आउट किया। ओवर की चौथी गेंद पर अमेलिया के सामने तेंदई मकुशा थीं, जिन्हें बोल्ड करने के साथ अमेलिया ने हैट्रिक पूरी की।