पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने बताया है कि कूपर कोनोली सिलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं, और वह शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में पीबीकेएस की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे।
'आईएएनएस' ने इस बात की सबसे पहले जानकारी दी थी कि कोनोली चोट के कारण आईपीएल 2026 में गेंदबाजी नहीं कर पाने के बाद अपनी पीठ का स्कैन कराने के लिए कुछ समय के लिए अपने गृहनगर पर्थ लौटे थे। कोनोली टीम में वापस आ गए हैं और खेलने के लिए उपलब्ध हैं। हालांकि, यह अभी नहीं पता है कि वह पीबीकेएस के लिए सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे या नहीं।
साईराज बहुतुले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए बताया, "हां, वह पूरी तरह से सिलेक्शन के लिए उपलब्ध है। वह अपनी राज्य टीम को इस बात की जानकारी देने के लिए गए थे। कोनोली बस वहां गए और फिर वापस आ गए। वह पूरी तरह से तैयार हैं और खेलने के लिए बेताब हैं। कोनोली का यह बतौर खिलाड़ी आईपीएल और भारत की परिस्थितियों में पहला साल है। उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह अंडर-19 स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही कोनोली के पास बिग बैश लीग में खेलने का भी अनुभव मौजूद है। वह निश्चित रूप से एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो हर मुकाबले का बेसब्री से इंतजार करते हैं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक रहते हैं।"