भारतीय बल्लेबाज किरण नवगिरे ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का समर्थन करते हुए कहा कि टीम इस बार अपना पहला विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) खिताब जीत सकती है। डब्ल्यूपीएल 2027 की नीलामी में, चार बार फाइनल तक पहुंचने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।
नवगिरे इस नीलामी की दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को पछाड़ते हुए इस आक्रामक बल्लेबाज को अपनी टीम में लिया। जियोस्टार के 'मैच सेंटर लाइव ऑक्शन स्पेशल' कार्यक्रम में नवगिरे ने कहा, "मैं दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैं पहले भी चिनेल हेनरी और शेफाली वर्मा के साथ खेल चुकी हूं। मेरी जेमिमा रोड्रिग्स से भी बात होती रही है, इसलिए मैं टीम की ज्यादातर खिलाड़ियों को जानती हूं। मैं उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उनके साथ खेलने के लिए बहुत उत्सुक हूं।"
डब्ल्यूपीएल 2027 सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स अब तक डब्ल्यूपीएल के चारों सीजन में फाइनल तक पहुंची है, लेकिन अभी तक ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। नवगिरे ने कहा, "दिल्ली कैपिटल्स चार बार फाइनल में पहुंची है, इसलिए इस साल हमारे पास खिताब जीतने का मौका है। मैं दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने को पूरी तरह तैयार हूं।"