आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 3 विकेट से हराया। इस मैच के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
अक्षर पर यह जुर्माना दिल्ली कैपिटल्स द्वारा पंजाब किंग्स के खिलाफ धीमी गति से ओवर फेंकने के कारण लगा है। अक्षर को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है। आईपीएल 2026 में डीसी पहली बार तय समय के अंदर अपने पूरे ओवर फेंकने में नाकाम रही है, जिसके कारण सिर्फ कप्तान पर जुर्माना लगाया गया है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाए। प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया, तो सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन बनाए।