सिर्फ 5 साल के बच्चे ने एक नोट में लिखा था: 'मैं फुटबॉल खेलना चाहता हूं'... आगे चलकर इस बच्चे ने सिर्फ अपने सपने को साकार ही नहीं किया, बल्कि इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। इस बच्चे का नाम है 'हैरी केन', जो फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की टीम में फॉरवर्ड खिलाड़ी का भूमिका निभाने जा रहे हैं, जो उनका तीसरा वर्ल्ड कप होगा।
हैरी का जन्म 28 जुलाई 1993 को लंदन में हुआ था। चिंगफोर्ड में हैरी अपने पिता और चार साल बड़े भाई के साथ रिजवे पार्क से सटे बगीचे में घंटों तक फुटबॉल खेला करते थे। पेड़ों को गोलपोस्ट बनाया जाता और पिता गोलकीपर की भूमिका निभाते। जब हैरी खुद से बड़े भाई के साथ खेलते, तो प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ जाती। यही वजह रही कि वह लगातार खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करते रहे।
लार्क्सवुड प्राइमरी स्कूल में हैरी और उनके साथियों को सिर्फ टेनिस बॉल से फुटबॉल खेलने की इजाजत थी, जिसका बेसब्री से इंतजार रहता। हैरी ने स्कूली दिनों का भरपूर आनंद उठाते हुए उसी छोटी-सी गेंद से अपनी स्किल्स को निखारना शुरू किया।