भारतीय क्रिकेट में विनोद कांबली का नाम एक ऐसे बल्लेबाज के रूप में लिया जाता है जिसने भरपूर मौका मिलने के बाद भी अपनी पूर्ण क्षमता का उपयोग नहीं किया और समय से पूर्व ही टीम से बाहर हो गया।
विनोद कांबली का जन्म 18 जनवरी 1972 को मुंबई में हुआ था। मुंबई को भारतीय क्रिकेट का पावर हाउस माना जाता है। वहां क्रिकेट की समृद्ध संस्कृति है। विनोद कांबली भी इस संस्कृति से अछूते नहीं रहे और बचपन से ही क्रिकेट के दीवाने थे। अपने साथी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के साथ स्कूल क्रिकेट में उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए थे। उसी दौर में यह अनुमान लग गया था कि भविष्य में दोनों क्रिकेटर भारत के लिए खेलेंगे।
सचिन ने 1989 में ही भारत के लिए टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में डेब्यू कर लिया। विनोद कांबली का डेब्यू का इंतजार थोड़ा लंबा था। कांबली ने 1991 में वनडे और 1993 में टेस्ट में डेब्यू किया था। कांबली का टेस्ट डेब्यू ठीक 33 साल पहले यानी 29 जनवरी 1993 को कोलकाता के इडन गार्डेन में इंग्लैंड के खिलाफ हुआ था। इस मैच में भारतीय टीम को जीत मिली थी, लेकिन कांबली का प्रदर्शन साधारण रहा था।