न्यूजीलैंड के पूर्व ओपनर मार्टिन गप्टिल भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान से दोबारा मिलने और क्रिकेट मैदान पर वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जहीर खान बेल्जियम की पहली 'ईयूटी20 लीग' में 'एंटवर्प एंकर्स' टीम के सह-मालिक हैं। यह टूर्नामेंट 6 से 14 जून तक चलेगा।
न्यूजीलैंड के व्हाइट-बॉल क्रिकेट के मुख्य बल्लेबाजों में से एक गप्टिल टूर्नामेंट से पहले टीम के लिए साइन किए गए प्रमुख खिलाड़ियों में से एक थे। उनके साथ आंद्रे रसेल और डेविड वीज को टीम में शामिल किया गया है। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज किरण मोरे बतौर मेंटॉर टीम में शामिल हैं।
मार्टिन गप्टिल ने सोमवार को 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत में कहा, "हमारी टीम में कुछ बड़े नाम वाले खिलाड़ी हैं और खेल पर उनका असर हमारी मदद करेगा। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें न सिर्फ आईपीएल में खेलने का अनुभव है, बल्कि टीमों के साथ रहने का भी अनुभव है, चाहे वे मेंटर हों या कोच। उनके अनुभव की वजह से ही हमें मदद मिलेगी, और दोस्तों के तौर पर लीग को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इसलिए मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। जहीर खान और मेरे बीच हमारे करियर के दौरान मैदान पर कुछ शानदार भिड़ंत हुईं थीं। मैं उनसे दोबारा मिलने और बेल्जियम में एक शानदार समय बिताने का इंतजार कर रहा हूं।"