भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की तरफ से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भुवनेश्वर के प्रदर्शन को देखते हुए हाल ही में पूर्व भारतीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर को भारतीय टी20 टीम में शामिल करने की मांग की थी। हालांकि, भुवनेश्वर ने नेशनल टीम में वापसी की बातों को खारिज कर दिया है।
भुवनेश्वर ने कहा कि पिछली निराशाओं से सीखने के बाद अब वह लंबे समय के लक्ष्य तय नहीं करते हैं। आरसीबी की ओर से खेलते हुए भुवनेश्वर इस सीजन में 21 विकेट हासिल कर चुके हैं। भुवनेश्वर पावरप्ले के साथ-साथ डेथ ओवरों में भी कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं।
आरसीबी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में 36 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, "मैं भारतीय टीम में वापसी के बारे में नहीं सोचता। कई साल हो गए हैं जब मैंने लंबे समय के लक्ष्य तय करना बंद कर दिया है। इसका कारण यह है कि जब भी मैंने ऐसा किया है, तो यह मेरे लिए कभी काम नहीं आया।"