भारत को तीसरी बार फीबा अंडर-18 एशियन कप की मेजबानी मिली, अहमदाबाद में खेले जाएंगे मुकाबले (Image Source: IANS)
भारत 13 से 23 अगस्त के बीच अहमदाबाद में फीबा अंडर18 एशिया कप 2026 की मेजबानी करेगा, जिसकी पुष्टि बुधवार को फीबा के क्षेत्रीय कार्यालय-एशिया ने की। यह तीसरी बार होगा, जब देश इस महाद्वीप के प्रमुख युवा बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन करेगा।
अहमदाबाद इस द्विवार्षिक टूर्नामेंट के लिए एशिया और ओशिनिया की 16 सर्वश्रेष्ठ अंडर-18 राष्ट्रीय टीमों का स्वागत करेगा। यह शहर दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का घर है। इसी शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का आयोजन होगा। यह शहर 2036 ओलंपिक के लिए भी बोली लगा रहा है, जिससे एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल स्थल के रूप में इस शहर की स्थिति और मजबूत होती है।
भारत ने साल 1998 में कोलकाता और 2004 में बेंगलुरु में इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। ये दोनों आयोजन एशियाई बास्केटबॉल के लिए ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण थे।