इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट सहित अन्य खिलाड़ियों को अगले वर्ष 14 जनवरी से 7 फरवरी तक होने वाली विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के दौरान राहत मिल सकती है। अगर उनकी संबंधित फ्रेंचाइजी टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं, तो उन्हें श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर रहने की अनुमति होगी।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बुधवार को इस 'व्हाइट-बॉल' दौरे के कार्यक्रम की घोषणा की, जिसके तहत 1, 3 और 5 फरवरी को पल्लेकेले में टी20 मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले भारत में 14 से 28 फरवरी तक होने वाली पहली 'विमेंस टी20 चैंपियंस ट्रॉफी' की तैयारियों का हिस्सा हैं। इस टूर्नामेंट के बाद, इंग्लैंड की टीम वापस लौटेगी और 4, 6 और 8 मार्च को दांबुला में तीन वनडे मैच खेलेगी।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के एक सूत्र ने बुधवार को 'आईएएनएस' को बताया, "अगर इंग्लैंड की खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल के नॉकआउट में पहुंचती हैं, तो वे अपनी-अपनी डब्ल्यूपीएल टीमों के लिए खेलना जारी रख सकती हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम में आखिरी समय में बदलाव हो सकते हैं।"