अक्षर पटेल की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2026 में अपने खिताब का सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेगी। कागज पर दिल्ली का बैटिंग ऑर्डर काफी संतुलित दिख रहा है। हालांकि, मिचेल स्टार्क की शुरुआती मुकाबलों में गैरमौजूदगी के कारण टीम के लिए तेज गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय जरूर बन सकता है।
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआत जोरदार अंदाज में की थी, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की गाड़ी पटरी से उतर गई थी। 14 मुकाबलों में से दिल्ली ने 7 जीते थे, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी। अक्षर की कप्तानी में टीम प्लेऑफ का टिकट कटाने में नाकाम रही थी। केएल राहुल पिछले सीजन अच्छी लय में दिखाई दिए थे। इसके साथ ही ट्रिस्टन स्टब्स का प्रदर्शन भी जोरदार रहा था। अभिषेक पोरेल ने भी आईपीएल 2025 में अपनी शानदार बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, इस बार दिल्ली के पास नीतीश राणा का अनुभव भी मौजूद होगा, जो मध्यक्रम में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
इसके साथ ही बेन डकेट और पृथ्वी शॉ के रूप में दिल्ली के पास सलामी बल्लेबाज के तौर पर 2 बढ़िया विकल्प भी मौजूद हैं। डेविड मिलर को खरीदने के साथ ही दिल्ली का मध्यक्रम काफी संतुलित दिख रहा है। फिनिशर के तौर पर दिल्ली के पास आशुतोष शर्मा और समीर रिजवी के रूप में दो धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं, स्टब्स ने भी पिछले सीजन बतौर फिनिशर दमदार प्रदर्शन किया था। काइल जैमीसन और विपराज निगम बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं।